Seraikela News: सरायकेला में "हमारा संकल्प-सुरक्षित एवं सशक्त महिला सशक्त झारखंड" कार्यक्रम के तहत एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाना और संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी देना था.
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्त झारखंड विषय पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया. साथ ही प्रतिभागियों को अपने आसपास अथवा समाज में घटित हो रहे बाल विवाह के मामलों पर आवाज़ उठाने और समय रहते प्रशासन को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया.
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त झारखंड एवं दहेज/डायन प्रथा उन्मूलन हेतु शपथ दिलाई. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि बाल विवाह मुक्त झारखंड के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों का सख्ती से अनुपालन और समाज को निरंतर जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है.
पद्मश्री छुटनी महतो ने डायन प्रथा जैसी अमानवीय सामाजिक कुप्रथा के विरुद्ध अपने सामाजिक संघर्ष और अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि किस प्रकार समाजसेवी के रूप में कार्य करते हुए अनेक महिलाओं को इस कुप्रथा से बचाया गया और समाज में व्यापक जागरूकता का संदेश पहुँचाया गया.