कुंदन कृष्णन को डीजी स्तर का लाभअधिसूचना के मुताबिक 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी कुंदन कृष्णन के वर्तमान पद एडीजी (मुख्यालय), एडीजी (अभियान) एसटीएफ और नई दिल्ली स्थित बिहार भवन में ओएसडी के पद को डीजी स्तर में उत्क्रमित किया गया है. इसका मतलब यह है कि वे इन्हीं पदों पर रहते हुए डीजी रैंक का लाभ पाएंगे.
तीन डीआईजी बने आईजी रैंक के अधिकारी
इसी तरह 2008 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों के मौजूदा पद को आईजी रैंक में उत्क्रमित किया गया है. इनमें कोशी क्षेत्र सहरसा के डीआईजी मनोज कुमार, ईओयू के डीआईजी (साइबर) संजय कुमार और एसटीएफ के डीआईजी विवेकानंद शामिल हैं. ये अधिकारी भी अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ आईजी रैंक का लाभ लेंगे.
डीआईजी बने आईपीएस अशोक कुमार सिंह
2012 बैच के 22 आईपीएस अधिकारियों को उनके वर्तमान पद पर ही डीआईजी रैंक का पदोन्नति लाभ दिया गया है. इनमें अररिया के पूर्व एसपी अशोक कुमार सिंह, एसएसपी गया आनंद कुमार, एसएसपी सारण कुमार आशीष, बगहा के एसपी सुशांत कुमार सरोज, सिवान के एसपी मनोज कुमार तिवारी, शिवहर के एसपी शैलेश कुमार सिन्हा, पटना रेल के एसपी डॉ. इनामुल हक मेंगनू और जमालपुर रेल के एसपी रमन कुमार चौधरी समेत अन्य नाम शामिल हैं. इसके साथ ही गृह रक्षा वाहिनी पटना, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की विभिन्न वाहिनियों, सीआईडी, एसटीएफ, विजिलेंस, आतंकवाद निरोधक दस्ता और राजगीर पुलिस अकादमी में तैनात कई कमांडेंट और एसपी स्तर के अधिकारियों को भी बिना तबादला किए उनके वर्तमान पद को ही उत्क्रमित कर डीआईजी रैंक का लाभ दिया गया है.