Ranchi: रांची के कोकर इलाके से छिनतई की एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां स्कूटी सवार पिता-पुत्र के साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने मिलकर पहले मारपीट की और फिर उनसे मोबाइल फोन व नकदी छीनने का प्रयास किया। यह घटना बीती रात लगभग 01:00 बजे की बताई जा रही है।
एक दोपहिया वाहन पर सवार दो युवकों पीड़ितों को रोक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित पिता-पुत्र देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के सनथाली निवासी हैं। मुकेश कुमार अपने पिता सीताराम यादव के साथ स्कूटी से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वे कोकर स्थित सुभाष चौक के पास पहुंचे, तभी एक दोपहिया वाहन पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
मोबाइल फोन व पैसे छीनने की कोशिश
आरोप है कि दोनों अपराधियों ने अचानक पिता-पुत्र के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और उनके पास से मोबाइल फोन व पैसे छीनने की कोशिश करने लगे। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह वहां से बचकर सदर थाना पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन को जब्त कर लिया और मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय ऋषभ कुमार, पिता दीपक कुमार, निवासी औरंगाबाद (बिहार) तथा 23 वर्षीय मनीष कुमार, पिता राजेश महतो, निवासी रामगढ़ के रूप में की गई है।
दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।