Jharkhand: प्रथम सत्र न्यायालय, पाकुड़ के बाहर बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आई। मामला तब उजागर हुआ जब हत्या के एक मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने चार अभियुक्तों को दोषी करार दिया। जैसे ही पुलिस ने इन दोषियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की तैयारी शुरू की, उसी दौरान सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद दो कैदी पुलिस की नजरों से बचकर फरार हो गए। फरार हुए कैदियों की पहचान शिवधान मोहाली और नरेन मोहली के रूप में की गई है।
कोर्ट परिसर और पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तुरंत ही परिसर की घेराबंदी कर दी गई और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि फरार हुए अभियुक्तों पर हत्या जैसे गंभीर अपराध का मामला दर्ज था, और उनके भागने से पुलिस की सुरक्षा प्रबंधन और कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
जल्द से जल्द दोनों कैदियों को पकड़ा जाए
वहीं, स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर चिंतित हैं और अधिकारियों से यह उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द से जल्द दोनों कैदियों को पकड़ा जाए। पुलिस फिलहाल पूरे इलाके में नाके और संदिग्धों की जांच कर रही है ताकि अपराधियों को पकड़ने में कोई देर न हो।