Seraikela News: आगामी गणतंत्र दिवस 26 जनवरी, 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से झण्डोत्तोलन हेतु मुख्य समारोह स्थानीय बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित किया जाएगा। उक्त समारोह के भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत की उपस्थिति में तैयारी संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
झांकियों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन
बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों से संबंधित सभी कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी आयोजन राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप, समयबद्ध एवं आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित किए जाएं।
उत्कृष्ट प्लाटून, झांकी एवं स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित होंगे सम्मानित
उपायुक्त ने बताया कि मुख्य समारोह के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन प्लाटून, तीन झांकियाँ एवं जिले के स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह की पूर्ण तैयारी को लेकर 24 जनवरी 2026 को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न बलों एवं विद्यालयों के कुल 10 प्लाटून भाग लेंगे।