Jamshedpur: बर्मामाइंस क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं को लेकर बस्ती बचाओ संघर्ष समिति और टाटा स्टील यूआईएसएल प्रबंधन के बीच सहमति बन गई है। इसके बाद समिति ने अपना आंदोलन फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की है। गुरुवार को हुई इस अहम बैठक में टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी अतुल भटनागर एवं जीएम आर. के. सिंह की मौजूदगी में समिति के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
धूल प्रदूषण पर बड़ा निर्णय
बैठक में टाटा स्टील यूआईएसएल प्रबंधन ने बढ़ते धूल प्रदूषण को गंभीरता से लेते हुए कई ठोस आश्वासन दिए। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में स्थित बेचिंग प्लांट को बंद किया जाएगा। साथ ही सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा और पूरे मार्ग पर टैंकरों के माध्यम से नियमित जल छिड़काव किया जाएगा, ताकि प्रदूषण से स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
इसके अलावा मोना रोड स्थित पार्किंग स्थल में पाइपलाइन के जरिए पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया।
यातायात व्यवस्था में सुधार
बर्मामाइंस क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही से उत्पन्न समस्याओं को देखते हुए ट्यूब कंपनी गोलचक्कर से बर्मामाइंस तक यातायात नियंत्रण के लिए टाटा स्टील की ओर से सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाएगी। इससे स्टेशन आने-जाने वाले राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
दुर्गा पूजा मैदान को लेकर सहमति
दुर्गा पूजा मैदान में पार्किंग स्थल बनाए जाने के विरोध पर भी प्रबंधन ने स्पष्ट रुख अपनाया। टाटा स्टील यूआईएसएल ने आश्वासन दिया कि दुर्गा पूजा से दो माह पूर्व मैदान पूजा समिति को सुपुर्द कर दिया जाएगा। साथ ही पूरे मैदान में पैवर्स ब्लॉक बिछाने का कार्य भी पूर्ण किया जाएगा, ताकि मैदान का स्वरूप सुरक्षित और उपयोगी बना रहे।
समिति ने जताया आभार, आंदोलन स्थगित
बस्ती बचाओ संघर्ष समिति का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता रामबाबू तिवारी ने टाटा स्टील यूआईएसएल प्रबंधन द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य क्षेत्रवासियों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाना था, जिसमें जनसहयोग सराहनीय रहा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन फिलहाल स्थगित किया जा रहा है, लेकिन यदि भविष्य में जनहित की अनदेखी हुई तो समिति पुनः आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
बैठक में रहे कई गणमान्य उपस्थित
इस अवसर पर सतवीर सिंह सोमू, राजेश कुमार सिंह, राजन सिंह, दीपक झा, विनोद झा, भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा, सागर राय, राम मार्डी, शशि सिंह, रविजेंट सिंह, सौरव श्रीवास्तव, सुख सागर गुप्ता, संजय संजू शर्मा, बर्मा कंसारी, गुड्डू यादव, भोला सिंह, अभय राय, चंदन उपाध्याय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।