Jamshedpur: परसुडीह थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2022 से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अनूप कुमार उर्फ अनूप कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने छापेमारी कर उसे धर दबोचा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी मूल रूप से गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जोजोबेड़ा स्थित नीलकंठ अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 21 का रहने वाला है। हालांकि गिरफ्तारी से पहले वह परसुडीह थाना क्षेत्र के राहरगोड़ा इलाके में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप अस्थायी रूप से रह रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे धर दबोचा।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
यह मामला धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा हुआ है। इस केस में एक अन्य अभियुक्त को पहले ही न्यायालय से जमानत मिल चुकी है, जबकि अनूप कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
परसुडीह थाना पुलिस ने बताया कि वे लंबे समय से पुराने मामलों में फरार चल रहे वारंटियों की धरपकड़ में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा। साथ ही, अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।