Jharkhand: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार काे झारखंड मंत्रालय में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर विशेषज्ञ और आम जनता के सुझाव प्राप्त करने के लिए अबुआ दिशोम बजट पोर्टल तथा मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मजबूत राज्य की नींव सिर्फ योजनाओं से नहीं, बल्कि जन-भागीदारी से रखी जाती है।
जन-भागीदारी सुनिश्चित हो सके
इसी विश्वास के साथ राज्य सरकार आम जनता की सहभागिता से राज्य में समावेशी बजट लागू करने की दिशा में प्रयास कर रही है। उक्त पोर्टल, ऐप के माध्यम से विशेष व आम जनता 17 जनवरी तक झारखंड राज्य के बजट के गठन को लेकर अपना सुझाव दे सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट के लिए पोर्टल के माध्यम से आम जनता से सुझाव प्राप्त करने की कार्रवाई 15 नवंबर 2026 से प्रारंभ की जाए, ताकि सु दूर क्षेत्रों से भी जन-भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
तीन सर्वश्रेष्ठ सुझाव देने वालों को किया जाएगा सम्मानित
इसमें तीन सर्वश्रेष्ठ सुझाव देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। आम जनता से प्राप्त विशेष कर राजस्व संवर्द्धन से संबंधित सुझाव राज्य को आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण होंगे। इस अवसर पर वित्त मंत्री, मुख्य सचिव, सचिव (व्यय), सचिव (संसाधन), विशेष सचिव एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।