Bihar: जमुई–मलयपुर मुख्य मार्ग पर आंजन नदी पुल के समीप शुक्रवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। मलयपुर थाना से महज 15–20 मीटर की दूरी पर सात हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने एक थोक स्वर्ण व्यवसायी से करीब 50 लाख रुपये की लूट कर ली। लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने व्यवसायी के सिर पर हथियार के वट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घायल व्यवसायी की पहचान
घायल व्यवसायी की पहचान शहर के पुरानी बाजार निवासी 35 वर्षीय विक्रम उर्फ विक्की सोनी के रूप में हुई है। विक्रम सोनी थोक स्तर पर सोना-चांदी का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार की रात वह बाइक से सोना-चांदी की खरीदारी के लिए जमुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे।
हथियार के बल पर सोना-चांदी से भरा बैग छीनने लगे
जैसे ही उनकी बाइक जमुई–मलयपुर मुख्य मार्ग स्थित आंजन नदी पुल के पास पहुंची, तभी दो बाइकों पर सवार छह हथियारबंद अपराधी और एक अपराधी ऑटो से वहां पहुंचा। सभी अपराधियों ने विक्रम सोनी को चारों ओर से घेर लिया और हथियार के बल पर सोना-चांदी से भरा बैग छीनने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने उनके सिर पर हथियार के वट से जोरदार प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी क्यूल की ओर फरार हो गए।
अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल, मलयपुर थाना अध्यक्ष शेखर सौरभ सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधीक्षक स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली।
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।