Jharkhand Railway News: रांची और तिरुपति जाने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. रेलवे ने रांची से तिरुपति के बीच नई ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. इससे झारखंड समेत आसपास के राज्यों के यात्रियों को दक्षिण भारत जाने में बड़ी राहत मिलेगी.
यह नई ट्रेन बोकारो और रांची होते हुए तिरुपति तक जाएगी. इसके साथ ही धनबाद से भुवनेश्वर के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन को भी नियमित ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला किया गया है. यह ट्रेन भी रांची होकर संचालित होगी.
प्रस्ताव को मिली मंजूरी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भोपाल में 8 से 10 जनवरी के बीच हुई टाइम टेबल कमेटी की बैठक में इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगाई गई. लंबे समय से रांची और तिरुपति के बीच सीधी ट्रेन की मांग की जा रही थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है. कई वर्षों बाद नेशनल टाइम टेबल कमेटी से रांची को यह अहम सौगात मिली है.
धनबाद से मुंबई जाने वाली ट्रेनों की स्थाई
साथ ही बताया गया है कि धनबाद से मुंबई के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को भी अब स्थायी किया जाएगा. यह ट्रेन धनबाद से कटारास, पतरातू, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जबलपुर और इटारसी होते हुए मुंबई (एलटीटी) तक जाएगी. इस मार्ग पर यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
इसके अलावा रांची से तिरुपति जाने वाली नई ट्रेन बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और सिकंदराबाद होते हुए चलेगी. यह ट्रेन दक्षिण भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तिरुपति को उत्तर और पूर्व भारत से सीधे जोड़ेगी.
इस नई व्यवस्था से राजधानी रांची, कोयलांचल धनबाद और आसपास के इलाकों के यात्रियों को काफी लाभ होगा. साथ ही बिहार के सीतामढ़ी, दरभंगा और समस्तीपुर जैसे क्षेत्रों के लोग भी इस ट्रेन सेवा का उपयोग कर सकेंगे.
रेलवे ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही इन सभी ट्रेनों के स्थायी नंबर और समय सारणी की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी. यात्रियों को उम्मीद है कि इन नई ट्रेनों से उनकी यात्रा और अधिक सुविधाजनक और आसान हो जाएगी.