Jharkhand News: झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने कक्षा 9वीं परीक्षा 2026 और मैट्रिक परीक्षा 2027 के रजिस्ट्रेशन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं. बोर्ड के अनुसार आज 12 जनवरी ऑनलाइन आवेदन जमा करने और जिला शिक्षा पदाधिकारी स्तर से अनुमोदन की अंतिम तिथि है. इसके बाद किसी भी हाल में बिना फाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा.
तारीख आगे नहीं बढ़ेगी
जैक ने साफ कर दिया है कि परीक्षा कैलेंडर सीमित होने के कारण रजिस्ट्रेशन की समय सीमा में किसी तरह की राहत नहीं दी जाएगी. आज के बाद आवेदन करने वाले छात्रों को अनिवार्य रूप से विलंब शुल्क देना होगा. बोर्ड ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि 12 जनवरी के बाद तिथि विस्तार का कोई प्रस्ताव नहीं है.
डीईओ स्तर पर अटके हैं कई आवेदन
काउंसिल की समीक्षा में सामने आया है कि बड़ी संख्या में आवेदन अभी भी जिला शिक्षा पदाधिकारी स्तर पर लंबित हैं. जैक ने निर्देश दिया है कि सभी डीईओ आज की तारीख तक अपने स्तर पर लंबित आवेदनों का निपटारा सुनिश्चित करें ताकि छात्रों को अनावश्यक परेशानी न हो.
13 जनवरी से देना होगा विलंब शुल्क
यदि किसी कारणवश आज तक रजिस्ट्रेशन का अनुमोदन नहीं हो पाता है तो 13 जनवरी से आवेदन पर फाइन लागू हो जाएगा. इसका सीधा असर छात्रों और विद्यालय प्रबंधन दोनों पर पड़ेगा. बोर्ड ने इसे लेकर पहले ही चेतावनी जारी कर दी है.
छात्र और अभिभावक रहें सतर्क
जैक ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने स्कूल से संपर्क कर यह सुनिश्चित कर लें कि आवेदन जिला स्तर से स्वीकृत हो चुका है. समय पर पुष्टि नहीं होने पर आर्थिक बोझ के साथ मानसिक तनाव भी झेलना पड़ सकता है.
परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की ढिलाई नहीं
जैक की सख्ती से साफ है कि बोर्ड इस बार परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है. समय पर रजिस्ट्रेशन और अनुमोदन न होने की स्थिति में सबसे ज्यादा नुकसान छात्रों को होगा. ऐसे में स्कूल प्रबंधन और जिला शिक्षा कार्यालयों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे अंतिम दिन किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें.