Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-12

Jamshedpur News: कोवाली थाना क्षेत्र के ढेंगाम हाट से 4 माह के मासूम की रहस्यमय चोरी, इलाके में हड़कंप

Jamshedpur: कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदूरवर्ती ढेंगाम हाट से एक बच्चे को चोरी करने की घटना सामने आई है, जहां एक अज्ञात महिला ने नाटकीय अंदाज में चार माह के एक अबोध शिशु की चोरी कर ली। यह घटना रविवार अपराह्न की बताई जा रही है। 

खरीदारी के दौरान हुई वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार डूमरिया प्रखंड के रांगामाटिया केंदुआ गांव निवासी सोपान सरदार की पत्नी प्रतिमा सरदार रविवार को आवश्यक घरेलू सामान की खरीदारी के लिए ढेंगाम हाट आई थीं। उनके साथ उनकी बेटी और चार माह का नन्हा पुत्र भी था। हाट में खरीदारी के दौरान प्रतिमा सरदार कुछ सामान लेने के लिए थोड़ी देर के लिए आगे बढ़ीं और अपने मासूम बेटे को बेटी की गोद में सौंप दिया।

20 रुपये का लालच देकर बच्ची को भेजा दूर

इसी दौरान मौके की ताक में बैठी एक अज्ञात महिला ने प्रतिमा की बेटी को झांसे में लिया। महिला ने बच्ची को 20 रुपये देते हुए कहा कि वह कुछ खाने-पीने की चीज लेकर आए, तब तक वह बच्चे को संभाल लेगी। बच्ची महिला की बातों में आ गई और कुछ ही देर के लिए वहां से चली गई। इसी बीच अज्ञात महिला मासूम बच्चे को लेकर मौके से फरार हो गई।

लौटने पर भाई को गायब पाया

जब प्रतिमा की बेटी वापस लौटी तो उसने देखा कि उसका भाई और वह अज्ञात महिला दोनों वहां मौजूद नहीं थे। घबराई हुई बच्ची ने तुरंत अपनी मां को घटना की जानकारी दी। बेटे के गायब होने की सूचना मिलते ही मां प्रतिमा सरदार बदहवास हो गईं और परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से पूरे हाट परिसर तथा आसपास के इलाकों में बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका।

पिता ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

घटना की सूचना मिलने पर बच्चे के पिता सोपान सरदार भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी अपने स्तर से खोजबीन की, परंतु मासूम का कोई पता नहीं चल पाया। अंत में निराश होकर सोपान सरदार ने कोवाली थाना में घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय

मामले की जानकारी मिलते ही कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान पुलिस टीम के साथ सक्रिय हो गए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान चला रही है और हाट में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक अपहृत मासूम की बरामदगी नहीं हो सकी थी।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !