Ranchi Railway News: रांची–लोहरदगा रेल मार्ग से होकर चल रही संतरागाछी–अजमेर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को नियमित ट्रेन के रूप में चलाने की मांग तेज हो गई है. इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है.
ये ट्रेन महत्वपूर्ण राज्यों को आपस में जोड़ती है
अपने पत्र में समीर उरांव ने बताया है कि ट्रेन संख्या 08611/08612 संतरागाछी–अजमेर स्पेशल एक्सप्रेस झारखंड सहित छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल जैसे कई महत्वपूर्ण राज्यों को आपस में जोड़ती है. इस ट्रेन से बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं, जिन्हें रोजगार, व्यापार, पढ़ाई और धार्मिक यात्राओं के लिए बेहतर और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलता है.
उन्होंने कहा कि अभी यह ट्रेन स्पेशल के रूप में चलाई जा रही है, लेकिन यात्रियों की लगातार बढ़ती जरूरत को देखते हुए इसे नियमित ट्रेन का दर्जा दिया जाना चाहिए. इससे लोगों को समय पर और भरोसेमंद रेल सेवा मिल सकेगी.
किराया कम रखा जाए
समीर उरांव ने यह भी आग्रह किया कि यदि ट्रेन को नियमित किया जाता है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनहितकारी सोच के अनुरूप इसका किराया यथासंभव कम रखा जाए, ताकि आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को आर्थिक राहत मिल सके.
उन्होंने रेल मंत्रालय से अपील की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए संतरागाछी–अजमेर एक्सप्रेस को जल्द से जल्द नियमित ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया जाए, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को स्थायी, सुलभ और किफायती रेल सुविधा का लाभ मिल सके.