Jamshedpur News: यूनियन की कमेटी बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी ग्रेड रिवीजन को लेकर प्रबंधन से बातचीत करने की जिम्मेदारी यूनियन के शीर्ष नेतृत्व को दी जाएगी. बैठक में यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह पर सभी पदाधिकारियों व कमेटी सदस्यों ने भरोसा जताया और उन्हें वार्ता के लिए अधिकृत किया.
पदों को भरने के लिए उपचुनाव का निर्णय
यह जानकारी यूनियन के सलाहकार प्रवीण सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दी. उन्होंने बताया कि यूनियन के दो कमेटी सदस्य मनोज शर्मा और सैयद मनुवर के सेवानिवृत्त होने के कारण कार्यकारिणी के दो पद रिक्त हो गए हैं. इन पदों को भरने के लिए उपचुनाव कराने का निर्णय लिया गया है. उपचुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूर्व में गठित चुनाव संचालन समिति के पर्यवेक्षक और चार सदस्यीय कमेटी को ही दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई है.
प्रवीण सिंह ने यह भी कहा कि जल्द ही यूनियन की वार्षिक आमसभा (जनरल बॉडी मीटिंग) बुलाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा. प्रेस वार्ता में अनिल शर्मा और प्रकाश विश्वकर्मा भी मौजूद थे.
इससे पहले सोमवार को सुबह 10 बजे यूनियन की कमेटी बैठक आयोजित की गई, जिसमें अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, सलाहकार प्रवीण सिंह सहित सभी यूनियन पदाधिकारी और कमेटी सदस्य उपस्थित रहे. बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष ने की, जबकि संचालन अशोक उपाध्याय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन एस.एन. सिंह द्वारा किया गया.
अध्यक्ष की अनुमति के बाद बैठक की कार्यवाही शुरू हुई. महामंत्री आरके सिंह ने विषयों को सदन के सामने रखा और अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ.
बैठक में मुख्य रूप से इन बिंदुओं पर चर्चा हुई—
• सेवानिवृत्त कमेटी सदस्यों के कारण खाली हुए दो पदों पर उपचुनाव.
• आगामी ग्रेड रिवीजन को लेकर मजदूरों के सुझाव.
• वार्षिक आमसभा का आयोजन.
• आगामी 3 मार्च को वृहद रक्तदान शिविर और टाटा साहब की मूर्ति का अनावरण.
• टाटा साहब की मूर्ति निर्माण में प्रत्येक मजदूर की सहभागिता सुनिश्चित करना.
यूनियन ने साफ किया कि सभी फैसले मजदूरों के हित में और सामूहिक सहमति से लिए जाएंगे.