Jamshedpur Political News: मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. इसी बीच पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने डिमना रोड क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक कदम उठाते हुए भाजपा के प्रभाव वाले इलाके में अपनी पकड़ मजबूत की है. डिमना रोड स्थित संजय पथ के निवासी और भाजपा से जुड़े माने जाने वाले संजय सिंह उर्फ गिड़्डू तथा सुकुल सिंह ने अपने समर्थकों के साथ बन्ना गुप्ता के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उनका साथ देने का ऐलान किया है.
इस फैसले से क्षेत्र की राजनीति में अहम बदलाव
दोनों नेताओं ने मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद की संभावित प्रत्याशी सुधा गुप्ता को भी अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की. उनके इस फैसले को क्षेत्र की राजनीति में अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.
उल्लेखनीय है कि संजय सिंह, डिमना रोड क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध रहे बबुआ सिंह के पुत्र हैं. बबुआ सिंह, बबुआ सिंह अखाड़ा समिति के संस्थापक रहे थे और इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी. संजय सिंह के कांग्रेस खेमे में आने से क्षेत्र में राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं.
बन्ना गुप्ता ने किया स्वागत
इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने संजय सिंह और सुकुल सिंह का मिठाई खिलाकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया. उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा लगातार उनके साथ जुड़ रहा है और मानगो के विकास के लिए वे सबको साथ लेकर चलेंगे.
कार्यक्रम में ईश्वर सिंह, अश्विनी सिंह सहित कई स्थानीय नागरिक और समर्थक मौजूद रहे. सभी ने एकजुट होकर मानगो नगर निगम चुनाव में बदलाव और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाने की बात कही.