Jharkhand Weather Update: झारखंड में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 13, 14 और 15 जनवरी को राज्य के उत्तर पश्चिमी, निकटवर्ती मध्य भाग और दक्षिणी क्षेत्र के कुल 17 जिलों में शीतलहर की संभावना है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है. ठंड के कारण आम जनजीवन पर असर साफ देखा जा रहा है.
मैक्लुस्कीगंज में तापमान बढ़ा फिर भी ठंड बरकरार
पिछले तीन दिनों तक मैक्लुस्कीगंज का तापमान जीरो से नीचे दर्ज किया गया था. सोमवार को तापमान बढ़कर 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा जिससे लोगों को कुछ राहत मिली. इसके बावजूद सड़कों पर आवाजाही कम नजर आई और जनजीवन प्रभावित रहा.
कोहरा और कनकनी से बढ़ी परेशानी
सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहा. ठंड और कनकनी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. खासकर सुबह के वक्त आमजन को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
राज्यभर में मौसम शुष्क रहा
पिछले 24 घंटे में पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा. कई इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखा गया. सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान मैक्लुस्कीगंज में 1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
अन्य जिलों का तापमान हाल
कांके में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री और गुमला में 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री और न्यूनतम 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में कहीं कहीं हल्का या मध्यम कोहरा या धुंध रहेगा और बाद में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा.
इन जिलों में शीतलहर की संभावना
13, 14 और 15 जनवरी को उत्तर पश्चिमी क्षेत्र के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार, दक्षिणी क्षेत्र के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के साथ निकटवर्ती मध्य भाग के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में शीतलहर चलने की संभावना है. इन सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.
राजधानी रांची का चार दिन का तापमान पूर्वानुमान
13 जनवरी को अधिकतम 22 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस
14 जनवरी को अधिकतम 21 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस
15 जनवरी को अधिकतम 21 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस
16 जनवरी को अधिकतम 22 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस
कांके में ठिठुरन भरी सुबह और दिन में राहत
कांके प्रखंड क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान ठंड का प्रकोप जारी रहा. सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह और देर रात शीतलहर के कारण कड़ाके की ठंड महसूस की गई. दिन में हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिली. हवा की गति 4.4 किलोमीटर प्रति घंटा रही और वर्षा शून्य दर्ज की गई. राज्य में लगातार गिरते तापमान और शीतलहर के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए ठंड से बचाव के उपायों पर ध्यान देना जरूरी है ताकि स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को कम किया जा सके.