Chakradharpur News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेल मंडल में रेलवे सिग्नल सिस्टम की चोरी का मामला सामने आया था. यह घटना 9 जनवरी को सीनी और महालीमुरुप के बीच हुई थी. मामले की जांच के बाद सीनी आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपी सरायकेला-खरसांवा जिले के खरसांवा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. इनमें बुरुगोड़ा गांव के शुकलाल जामुदा उर्फ लंबू, मंगल जामुदा, गुडियाडीह गांव के मनोज सामद उर्फ पशु, संजय महतो उर्फ बोडो और सूरज गोडसोरा शामिल हैं.
चोरी किए गए केबल से निकाला 15 किलो तांबा
आरपीएफ ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए केबल से निकाला गया करीब 15 किलो तांबा, रेलवे सिग्नल सिस्टम के उपकरण और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं.
सीनी आरपीएफ पोस्ट प्रभारी ने बताया कि 9 जनवरी की रात चोरों ने सीनी के पास रेलवे सिग्नल सिस्टम कक्ष की दीवार तोड़कर वहां लगे उपकरण और केबल तार चुरा लिए थे. घटना के बाद से ही आरोपियों की तलाश की जा रही थी. टीम बनाकर छापेमारी की गई और सोमवार व मंगलवार को सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया.
गिरफ्तार सभी आरोपियों को मंगलवार को रेलवे कोर्ट, टाटानगर में पेशी के लिए भेजा गया.