Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां लगभग तीन वर्षीय एक मासूम बच्चे के अपहरण से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, शांति सोरेन नामक महिला के बच्चे का अपहरण कर लिया गया था।
शिकायत लेकर पहुंची पीड़िता
घटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से शिकायत लेकर सोनारी थाना पहुंचकर मामले की जानकारी दी गई। शिकायत मिलते ही सोनारी थाना पुलिस हरकत में आई और बिना देरी किए जांच शुरू कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बच्चा सुरक्षित
सोनारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और उसे उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
आरोपी महिला शांति सोरेन ने पुलिस को बताया कि उनके पति रोहित पासवान की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से उनके ससुर और देवर द्वारा उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके ससुर कारू पासवान क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचकर दबदबा कायम करते हैं और आपराधिक पृष्ठभूमि का व्यक्ति है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अपहरण के कारणों के साथ साथ लगाए गए आरोपों की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है।