Jamshedpur: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित पाँचवीं चैम्बर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन मंगलवार प्रातः 10:00 बजे सम्पन्न हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कुमार शिवाशीष, आईपीएस (सिटी एसपी, जमशेदपुर) एवं विशिष्ट अतिथि सौरव तिवारी, सचिव – झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा ठंडे मौसम के बावजूद खिलाड़ियों के जोश और उत्साह की सराहना की। मुख्य अतिथि कुमार शिवाशीष ने कहा कि किसी व्यावसायिक संस्था द्वारा खेलों को बढ़ावा देना अत्यंत सराहनीय पहल है। इससे न केवल खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि आपसी भाईचारा और टीम भावना भी मजबूत होती है।
विशिष्ट अतिथि सौरव तिवारी ने भी चैम्बर की इस पहल की प्रशंसा करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दोनों अतिथियों ने स्वयं क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
सिंहभूम चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया ने अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि चैम्बर केवल एक व्यावसायिक संगठन ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति भी सदैव सजग रहा है। व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल, संस्कृति एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उपाध्यक्ष (जनसंपर्क एवं कल्याण) अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ ने खिलाड़ियों का परिचय मुख्य अतिथियों से कराया।
चैम्बर के सचिव सुरेश शर्मा ने जानकारी दी कि उद्घाटन दिवस पर कुल 6 मैच खेले गए, जिनमें से शीर्ष चार टीमें बुधवार को सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल के विजेता दलों के मध्य फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से परिवार सहित मैदान पर उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
इस अवसर पर सिंहभूम चैम्बर ने सभी टीम प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रमुख प्रायोजकों में डीएस एसोसिएट्स, रेसिलिएंट टेक्निकल सॉल्यूशंस, रिवाह होटल, अकीनों होटल, मंगलम, फैशन वर्ल्ड, डगआउट, श्रेष्ठम एवं कमला लॉजिस्टिक्स शामिल हैं।
आज खेले गए मैचों के परिणाम:
• प्रथम मैच: पीआरडब्ल्यू 11 बनाम पीएसटी 11 – पीआरडब्ल्यू 11 विजयी
• द्वितीय मैच: ट्रेड एंड कॉमर्स बनाम एग्जीक्यूटिव 11 – ट्रेड एंड कॉमर्स विजयी
• तृतीय मैच: पीआरडब्ल्यू 11 बनाम इंडस्ट्री 11 – पीआरडब्ल्यू 11 विजयी
• चतुर्थ मैच: ट्रेड एंड कॉमर्स बनाम टैक्स एंड फाइनेंस 11 – ट्रेड एंड कॉमर्स विजयी
• शेष दो मैच समाचार लिखे जाने तक जारी थे।
उद्घाटन समारोह में सिंहभूम चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया, उपाध्यक्ष जनसंपर्क एवं कल्याण अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’, उपाध्यक्ष व्यापार एवं वाणिज्य अनिल मोदी, उपाध्यक्ष वित्त एवं कराधान राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष उद्योग हर्ष बकरेवाल, सचिव व्यापार एवं वाणिज्य भरत मकानी, सचिव वित्त एवं कराधान अंशुल रिंगसिया, सचिव उद्योग विनोद शर्मा, सचिव जनसंपर्क एवं कल्याण लिप्पू शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया सहित कौशिक मोदी, मनोज गोयल, अमन अग्रवाल, उमेश खिरवाल, आनंद चौधरी, विमल बकरेवाल समेत बड़ी संख्या में चैम्बर के सदस्य एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।