Dhanbad: मकर संक्रांति के पावन पर्व के अवसर पर नदी, तालाब, डैम एवं अन्य जलस्रोतों में स्नान की परंपरा को देखते हुए धनबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने बताया कि जिले के विभिन्न संवेदनशील घाटों, तालाबों, नदियों और डैम क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए सभी चिन्हित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस कर्मियों को लगातार निगरानी, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी ने लोगों से अपील की है कि वे गहरे पानी में स्नान करने से बचें, नशे की हालत में जलस्रोतों में न उतरें तथा बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान रखें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय गोताखोरों को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से यह भी अनुरोध किया है कि वे घाटों और जलस्रोतों पर लगाए गए बैरिकेड्स, चेतावनी संकेतों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाना को दें।
धनबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मकर संक्रांति का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसमें आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।