
सूत्रों के अनुसार, कैरव गांधी आज दोपहर लगभग 1 बजे क्रेटा कार से घर से निकला था। बाद में उसकी कार कांदरबेड़ा इलाके में बरामद की गई, लेकिन उसके बाद से कैरव का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसका आखिरी लोकेशन सोनारी के आदर्श नगर में ट्रेस हुआ था, जिसके बाद से मोबाइल लोकेशन भी उपलब्ध नहीं हो सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कैरव गांधी का परिवार आदित्यपुर स्थित “एम्पायर ऑटो प्राइवेट लिमिटेड (Empire Auto Pvt. Ltd.)” नामक व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। कैरव के पिता देवान गांधी "आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन" के उपाध्यक्ष भी है। यह जानकारी सामने आने के बाद पुलिस व्यावसायिक और व्यक्तिगत दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि कैरव गांधी लोयोला स्कूल का छात्र था। परिजन उसकी सुरक्षित वापसी को लेकर बेहद चिंतित हैं और पुलिस से जल्द से जल्द बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और किसी भी नई जानकारी के सामने आने पर कार्रवाई तेज किए जाने की बात कही जा रही है।