Ranchi News: हजारीबाग में प्रतिबंधित जंगल भूमि की अवैध खरीद-बिक्री के मामले में जांच अब तेज हो गई है. एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने हजारीबाग सदर अंचलाधिकारी से 9 जमीनों से जुड़े पंजी-टू की प्रमाणित प्रतियां मांगी हैं. इस संबंध में एसीबी की ओर से 6 जनवरी को अंचलाधिकारी को आधिकारिक पत्र भेजा गया है.
मामला अवैध बिक्री से जुड़ा
बताया गया है कि यह मामला गैरमजरुआ खास किस्म की जंगल भूमि की अवैध बिक्री से जुड़ा है. इसी मामले में कांड संख्या 11/2025 दर्ज की गई है. यह जमीन सौदे उस समय के बताए जा रहे हैं, जब हजारीबाग में विनय चौबे उपायुक्त के पद पर कार्यरत थे.
एसीबी के अनुसार बभनवै मौजा, थाना संख्या 252 के अंतर्गत खाता संख्या 95 की जमीन को भूमाफियाओं ने नियमों को दरकिनार कर खरीदा और बेचा है. फिलहाल इस पूरे मामले की गहन जांच चल रही है.
जांच अधिकारी ने अपने पत्र में कहा है कि आगे की कार्रवाई के लिए खाता संख्या 95 में दर्ज प्रतिबंधित गैरमजरुआ जंगल भूमि से जुड़े प्लॉट नंबर 773, 812, 848, 1040, 776/1053, 776/1055, 1060, 848/1062 और 848/1063 के पंजी-टू की सत्यापित प्रतियां जरूरी हैं.
एसीबी ने अंचलाधिकारी से सभी 9 प्लॉट्स के दस्तावेज जल्द उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा सके.