शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स
विधायक जयराम महतो ने तारापद महतो के परिजनों—उनकी पत्नी, भाई और बच्चों—से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। भावुक परिजनों को सांत्वना देते हुए उन्होंने कहा, इस दुख की घड़ी में मैं और मेरी पूरी टीम आपके साथ है। तारापद की कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन उनके परिवार को इंसाफ दिलाने की पूरी कोशिश करेंगे।
प्रशासन की विफलता पर कड़ा प्रहार
घटना स्थल पर मीडिया से बात करते हुए जयराम महतो झारखंड की कानून-व्यवस्था पर जमकर बरसे। उन्होंने इसे प्रशासन की घोर विफलता करार देते हुए कहा यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि राज्य की चरमराती कानून-व्यवस्था का जीता-जागता प्रमाण है। अपराधी बेखौफ हैं और आम जनता असुरक्षित। आखिर कब तक झारखंड की माटी के सपूत इसी तरह अपराधियों की गोलियों का शिकार होते रहेंगे
निर्णायक संघर्ष का ऐलान
विधायक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द हत्यारों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो परिणाम गंभीर होंगे। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि झारखंड की जनता अब अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि पुलिस विफल रहती है, तो सड़क से लेकर सदन तक एक निर्णायक आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने अंत में दोहराया कि जब तक पीड़ित परिवार को उचित न्याय और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं मिल जाती, तब तक यह लड़ाई न थमेगी और न ही झुकेगी।