Baharagora: बहरागोड़ा प्रखंड की केसरदा पंचायत अंतर्गत चंचलदा गांव में जंगली हाथी की दहशत से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। मंगलवार देर रात एक जंगली हाथी गांव में घुस आया और जमकर उत्पात मचाया, जिससे गांव में अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई।
करीब सात बोरे चावल व गेहूं हाथी ने खाएं
हाथी ने चंचलदा स्थित सूर्यमुखी महिला मंडल की पीडीएस दुकान की दीवार को तोड़ दिया और गोदाम में रखे चावल व गेहूं के करीब सात बोरे खा गया। जिस समय यह घटना हुई, उसी गोदाम से सटे कमरों में लोग गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर जब ग्रामीण बाहर निकले, तो सामने विशाल हाथी को देखकर सभी घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हाथी को खदेड़ने में मिली सफलता
हाथी की मौजूदगी की खबर फैलते ही गांव के लोग एकजुट हो गए। ग्रामीणों ने मशालें जलाईं और पटाखे फोड़कर किसी तरह हाथी को गांव से बाहर खदेड़ने में सफलता पाई।
ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सलाह
घटना के बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जानकारी के अनुसार, जंगली हाथी ने नजदीकी मुड़ाकाटी जंगल में डेरा डाल लिया है। वन विभाग की टीम लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने के साथ-साथ जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।