Jharkhand News: आय से अधिक संपत्ति की जांच से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के रियल एस्टेट कारोबारी सरदार सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई विनय चौबे और विनय सिंह के खिलाफ चल रही जांच के सिलसिले में की गई है. एसीबी ने सुरेंद्र सिंह को रांची से हिरासत में लिया है.
पूछताछ में सहयोग नहीं करने का आरोप
बताया जा रहा है कि एसीबी ने सुरेंद्र सिंह को गुरुवार को पूछताछ के लिए मुख्यालय बुलाया था. जांच एजेंसी का दावा है कि पूछताछ के दौरान वह सहयोग नहीं कर रहे थे. इसके बाद एजेंसी ने उन्हें हिरासत में लेने का निर्णय लिया.
फ्लैट सौदे में सामने आई भूमिका
एसीबी की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि विनय चौबे की सरहज प्रियंका त्रिवेदी के नाम पर खरीदे गए एक फ्लैट के सौदे में सुरेंद्र सिंह की भूमिका रही है. वर्ष 2017 में सुरेंद्र सिंह ने पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर प्रियंका त्रिवेदी को करीब 43 लाख रुपये में एक फ्लैट बेचा था.
अवैध धन निवेश की आशंका
एजेंसी को संदेह है कि इस फ्लैट की खरीद फरोख्त में विनय चौबे के अवैध धन का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. इसी संदेह के आधार पर लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और धन के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
अन्य लोगों से भी हो चुकी है पूछताछ
जनवरी 2026 की शुरुआत में एसीबी ने सुरेंद्र सिंह को रांची बुलाकर इस लेनदेन को लेकर पूछताछ की थी. इस मामले में सुरेंद्र सिंह के अलावा रांची के कारोबारी श्रवण जालान और ज्योतिष एन.के. बेरा से भी पूछताछ की जा चुकी है.
एजेंसियां अब लेनदेन के हर स्तर को खंगाल रही
आय से अधिक संपत्ति की जांच में रियल एस्टेट सौदों की कड़ी सामने आना इस बात की ओर इशारा करता है कि एजेंसियां अब लेनदेन के हर स्तर को खंगाल रही हैं. फ्लैट खरीद से जुड़े दस्तावेज और धन के स्रोत जांच के केंद्र में हैं. आने वाले दिनों में पूछताछ और दस्तावेजी जांच से इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.