Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-15

Jharkhand Weather Updates: झारखंड में कड़ाके की ठंड का कहर जारी, 17 जनवरी तक नहीं मिलेगी राहत

Jharkhand: झारखंड में कड़ाके की ठंड फिलहाल थमने के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15, 16 और 17 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान ठंड का असर लगातार बना रहेगा।

हालांकि 18 और 19 जनवरी को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई गई है। इसके बाद लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

शाम ढलते ही सड़कों पर पसरा सन्नाटा

तेज ठंड के चलते राजधानी रांची समेत कई इलाकों में शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जा रहा है। लोग बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं सुबह के समय घना कोहरा और कनकनी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।

शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी

बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। कई जिलों में हल्का से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिला। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री और न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्का कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन चढ़ने के बाद आसमान साफ रहेगा।

उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां के साथ-साथ रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

अगले चार दिनों में रांची का तापमान

15 जनवरी: अधिकतम 21°C, न्यूनतम 7°C
16 जनवरी: अधिकतम 22°C, न्यूनतम 8°C
17 जनवरी: अधिकतम 23°C, न्यूनतम 9°C
18 जनवरी: अधिकतम 24°C, न्यूनतम 9°C

कांके में मौसम में दिखी हल्की नरमी

कांके प्रखंड क्षेत्र में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम में थोड़ी राहत महसूस की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन के समय धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। इस अवधि में बारिश नहीं हुई और हवा की औसत रफ्तार 2.2 किमी प्रति घंटा रही, जिससे ठंड का असर कुछ कम महसूस हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दिनों की तुलना में अब मौसम थोड़ा अनुकूल हुआ है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी से जनजीवन सामान्य होने लगा है।

जिला प्रशासन ने जारी की सावधानी बरतने की अपील

लगातार जारी शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि जिले में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है और शीतलहर की स्थिति यलो जोन में है।

उन्होंने कहा कि ठंड के कारण सर्दी-खांसी, निमोनिया और हाइपोथर्मिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

आम जनता के लिए जरूरी सुझाव

  • ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े, टोपी, मफलर, दस्ताने और मोजे पहनें

  • सुबह, शाम और रात के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें

  • घर में रहकर गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें

  • बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें

  • खुले में आग जलाकर हाथ सेंकने से बचें

  • अभिभावकों के लिए विशेष निर्देश

  • बच्चों को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाकर ही बाहर भेजें

  • बच्चों में ठंड से जुड़ी किसी भी परेशानी पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

  • स्कूल जाने वाले बच्चों को बहुत सुबह घर से न निकलने दें

  • स्कूल जाने वाले छात्रों के लिए अपील

  • पूरी तरह गर्म कपड़ों में स्कूल जाएं

  • मुंह और नाक को मफलर या स्कार्फ से ढककर रखें

  • ठंड से बचाव के सभी उपायों का पालन करें

  • अस्वस्थ महसूस होने पर तुरंत शिक्षक या अभिभावक को सूचित करें. 
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !