शराब और घरेलू कलह बनी हत्या की वजह
गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक बीरबल, जो हीरापुर के हरी मंदिर क्षेत्र का निवासी था, अत्यधिक शराब पीने का आदी था। वह नशे की हालत में अक्सर घर में गाली-गलौज और परिजनों के साथ मारपीट करता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसके पुत्र रोहित कुमार, छोटी पुत्री ऋतू कुमारी और ऋतू के प्रेमी फरदीन खान ने उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक योजना बनाई।
नशीली दवा और मफलर का किया इस्तेमाल
पुलिस जांच के अनुसार, वारदात को 4 जनवरी की रात अंजाम दिया गया। रोहित और फरदीन ने मिलकर बीरबल को शराब में नशीली दवा पिलाई। जब वह अचेत हो गया, तो उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर आमटाल के सुनसान इलाके में ले जाया गया। वहां आरोपियों ने मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को पम्पू तालाब में फेंक दिया।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
शुरुआत में इसे सामान्य मौत या आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी। डॉक्टरों ने गला घोंटने की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस ने सीडीआर विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस द्वारा जब्त सामग्री
हत्या में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल JH 10BJ 8959, वारदात में इस्तेमाल किया गया मफलर
शराब की खाली बोतल
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस खुलासे ने समाज में रिश्तों के कत्ल की इस दर्दनाक घटना को लेकर सनसनी फैला दी है।