Adityapur News: केंद्र सरकार के “आत्मनिर्भर भारत” अभियान को नई गति देने और कोल्हान के औद्योगिक कौशल को देश की सीमाओं की सुरक्षा से जोड़ने के लिए सरायकेला जिले के आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में 16 और 17 जनवरी 2026 को दो दिवसीय “एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव” का भव्य आयोजन होने जा रहा है. आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के इतिहास में पहली बार आयोजित हो रहे इस राज्य स्तरीय रक्षा सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को रक्षा निर्माण के विशाल अवसरों से परिचित कराना है.
कॉन्क्लेव की तैयारी पूरी
इस कॉन्क्लेव की तैयारी पूरी कर ली गयी हैं, इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन भारत चैम्बर ऑफ कॉमर्स (नोडल एजेंसी) के नेतृत्व में किया जा रहा है. इसमें देश की प्रमुख रक्षा इकाइयां जैसे म्यूनिसन्स इंडिया लिमिटेड, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL), गार्डन रीच शिपबिल्डर्स (GRSE), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) और बीईएमएल (BEML) सहयोगी के रूप में शिरकत करेंगी.
मुख्य अतिथि होंगे रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ
कॉन्क्लेव का विधिवत उद्घाटन 16 जनवरी को मुख्य अतिथि रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ करेंगे. कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए पूर्व एयर चीफ मार्शल अरूप राहा और रक्षा मंत्रालय के कई उच्चाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. उद्घाटन समारोह में “आर्मी बैंड” की गूंज इस आयोजन को और भी गौरवशाली बनाएगी.
सम्मेलन के दौरान 62 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ उद्यमी रक्षा क्षेत्र की जरूरतों को करीब से देख सकेंगे. इसके अलावा बी2बी मीटिंग्स, तकनीकी सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी. विशेषज्ञों की टीम उद्यमियों को योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देगी, ताकि स्थानीय नवाचार को वैश्विक पहचान मिल सके.