jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में मिर्गी (एपिलेप्सी) से पीड़ित मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रोजेक्ट उल्लास के तहत एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर 2 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चाकुलिया में लगेगा.
शिविर की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी, जो मरीजों की जांच, परामर्श और इलाज करेगी.
उपायुक्त ने बताया कि प्रोजेक्ट उल्लास के तहत अब तक घाटशिला, पटमदा और शहरी क्षेत्र में शिविर लगाए जा चुके हैं. इन शिविरों में कुल 1560 लोगों की जांच की गई, जिनमें से 967 मिर्गी मरीजों की पहचान कर उनका इलाज शुरू किया गया है और उनकी नियमित निगरानी भी की जा रही है.
चाकुलिया शिविर के लिए निर्देश
उन्होंने निर्देश दिया कि चाकुलिया शिविर के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं. साथ ही, अधिक से अधिक मरीजों तक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए. शिविर स्थल पर पंजीकरण, जांच, दवा वितरण और फॉलो-अप की व्यवस्था सुचारू रूप से करने के निर्देश भी दिए गए.
उपायुक्त ने कहा कि इस शिविर से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को खास लाभ मिलेगा. शिविर के दौरान डॉक्टर इलाज के साथ-साथ मिर्गी से जुड़ी जागरूकता और जरूरी सलाह भी देंगे, ताकि लोग समय पर सही उपचार ले सकें.
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कुछ अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े.