Jharkhand News: झारखंड के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत किरीबुरू नियोजनालय की ओर से एक दिवसीय भर्ती कैंप का आयोजन किया जा रहा है. यह भर्ती कैंप 17 जनवरी शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नोवामुंडी कॉलेज परिसर में आयोजित होगा.
कुल 950 पदों पर होगी सीधी बहाली
इस भर्ती कैंप के माध्यम से कुल 950 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाना है. अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग वेतन निर्धारित किया गया है. इस कैंप में मैट्रिक पास अभ्यर्थी भी भाग ले सकते हैं जिससे अधिक संख्या में युवाओं को अवसर मिल सके.
निबंधन अनिवार्य, योग्य अभ्यर्थी ले सकते हैं भाग
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों का झारखंड के किसी भी नियोजनालय में निबंधन होना आवश्यक है. इच्छुक अभ्यर्थी जिला निबंधन कार्यालय या झारखंड सरकार की आधिकारिक वेबसाइट (http://www.jharkhand.gov.in) पर जाकर भी निबंधन करा सकते हैं.
जिला नियोजन पदाधिकारी ने दी जानकारी
इस भर्ती कैंप से जुड़ी पूरी जानकारी जिला नियोजन पदाधिकारी किरीबुरू की ओर से जारी कार्यक्रम के माध्यम से दी गई है. विभाग ने अधिक से अधिक योग्य युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.
भर्ती कैंप युवाओं के लिए तात्कालिक राहत
राज्य में लगातार बढ़ती बेरोजगारी के बीच इस तरह के भर्ती कैंप युवाओं के लिए तात्कालिक राहत का माध्यम बनते हैं. हालांकि एक दिन के कैंप और सीमित पदों से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है लेकिन निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह प्रयास अहम माना जा सकता है.