Jamshedpur News: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों को लेकर युवा कांग्रेस ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शुभम शुक्ला ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर इस दिशा में जल्द कदम उठाने की मांग की.
स्मैक, गांजा और अवैध शराब की बिक्री का आरोप
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में स्मैक, गांजा, अवैध शराब और नशीली दवाओं की बिक्री बढ़ गई है. युवा कांग्रेस का कहना है कि खुलेआम नशे के कारोबार से इलाके का माहौल प्रभावित हो रहा है.
चोरी और छिनतई बढ़ने का दावा
ज्ञापन के मुताबिक, नशाखोरी के कारण चोरी, छिनतई और अड्डाबाजी जैसी घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है. संगठन ने कहा कि इससे आम लोगों की सुरक्षा के साथ युवाओं का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है.
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
युवा कांग्रेस ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की है. साथ ही नशीले पदार्थों की बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग रखी गई है.
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि पुलिस प्रशासन की ओर से जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगी.
संगठन ने कहा कि क्षेत्र में नशे और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए.