Jamshedpur: जमशेदपुर के प्रमुख व्यवसायी देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी के अपहरण की घटना ने शहर के व्यापारिक जगत और आम नागरिकों के बीच हड़कंप मचा दिया है। इस सनसनीखेज वारदात पर चिंता व्यक्त करते हुए सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्य और युवा व्यवसायी कृष्णा शर्मा ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों में बढ़ती बेचैनी और फिरौती का खौफ
शुक्रवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में काली शर्मा ने कहा कि कैरव गांधी का अपहरण न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक खुली चुनौती है। उन्होंने इस बात पर गहरा दुख जताया कि मीडिया में फिरौती की मांग और अपराधियों द्वारा दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम की खबरें सामने आ रही हैं। इन खबरों ने न केवल परिजनों की नींद उड़ा दी है, बल्कि शहरवासियों के मन में भी असुरक्षा का भाव पैदा कर दिया है।
एसएसपी से त्वरित और सख्त कार्रवाई की अपील
काली शर्मा ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर इस मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील की है। उनकी मुख्य मांगें निम्नलिखित हैं।
सुरक्षित बरामदगी
पुलिस की पहली प्राथमिकता कैरव गांधी को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित वापस लाना होनी चाहिए। मामले की तह तक जाकर उन सफेदपोश चेहरों और अपराधियों को बेनकाब किया जाए जिन्होंने इस दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया है। अल्टीमेटम का दबाव, अपराधियों द्वारा दिए गए समय सीमा से पहले पुलिस को अपनी कार्यकुशलता साबित करनी होगी।
प्रशासन पर खड़ा होगा प्रश्नचिह्न
काली शर्मा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समय रहते कैरव गांधी की सुरक्षित घर वापसी नहीं होती है, तो यह जिला प्रशासन और राज्य की कानून-व्यवस्था की विफलता मानी जाएगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक शहर होने के नाते अगर यहां के व्यवसायी ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो निवेश और विकास पर इसका बहुत बुरा असर पड़ेगा। शहर के व्यवसायी वर्ग में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और पुलिस पर जल्द खुलासा करने का भारी दबाव है।