Jamshedpur: जमशेदपुर जिला निर्वाचन पदाधिकारी उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के मार्गदर्शन में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारी के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य एसआईआर 2003 की निर्वाचक सूची में दर्ज मतदाताओं और वर्तमान निर्वाचक सूची में पंजीकृत मतदाताओं के बीच मैपिंग प्रक्रिया की पूर्व गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी देना था।
इस कार्यक्रम में सभी अतिरिक्त सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, जिले के विभिन्न कार्यालयों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा रेसिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण को दो सत्रों में विभाजित किया गया, जिसमें प्रथम सत्र में जिला स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तथा द्वितीय सत्र में रेसिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। दोनों सत्रों की अध्यक्षता उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह द्वारा की गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को झारखंड राज्य में एसआईआर 2003 की निर्वाचक सूची में नाम खोजने हेतु सीईओ झारखंड की आधिकारिक वेबसाइट (https://ceo.jharkhand.gov.in/) तथा झारखंड के बाहर पंजीकृत मतदाताओं का नाम खोजने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट (https://voters.eci.gov.in/) पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही नाम खोजने की पूरी प्रक्रिया को समझाने हेतु एक सूचना पत्रक (लीफलेट) भी उपलब्ध कराया गया।
प्रशिक्षणार्थियों से अपील की गई कि वे इस लीफलेट को अपने कार्यालयों एवं आवासीय परिसरों के ऐसे प्रमुख स्थानों पर लगाएं, जहां आम नागरिकों का अधिक आवागमन होता हो, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जानकारी से अवगत हो सकें। साथ ही सभी से यह भी अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने बीएलओ को एसआईआर मैपिंग कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण सत्र के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश एवं तकनीकी जानकारियां साझा की गईं। इसके अतिरिक्त यह भी जानकारी दी गई कि 17, 18 एवं 24 जनवरी को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के उन मतदाताओं से, जिनकी मैपिंग अब तक पूरी नहीं हो पाई है, अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर जाकर मैपिंग कराएं तथा जिला प्रशासन द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सहयोग प्रदान करें।