Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-17

Dhanbad News: धनबाद में बाइक रेसिंग का कहर, एलसी रोड पर भीषण टक्कर में आठ युवक घायल

Dhanbad News: धनबाद शहर के पॉश इलाके लुबी सर्कुलर रोड पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का जुनून भारी पड़ गया. बाइक रेसिंग के दौरान तीन मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में कुल आठ युवक घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

सिटी सेंटर से लौटते समय शुरू हुई रेसिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी युवक आपस में दोस्त थे. सभी सिटी सेंटर चौपाटी से नाश्ता करने के बाद रणधीर वर्मा चौक की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान चार से पांच बाइक सवार युवक लुबी सर्कुलर रोड पर आपस में रेस लगाने लगे. तेज रफ्तार के कारण हालात बेकाबू हो गए.

बीएसएस कॉलेज के पास हुआ हादसा
बीएसएस कॉलेज के समीप अचानक दो बाइक अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं. उन्हें बचाने के प्रयास में पीछे से आ रही तीसरी बाइक भी हादसे का शिकार हो गई. देखते ही देखते सड़क पर लोग गिर पड़े और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.

घायलों की पहचान, चार को किया गया रेफर
हादसे में घायल युवकों की पहचान हीरापुर झरनापाड़ा निवासी छोटू यादव, पप्पू यादव और सोनू यादव, पुलिस लाइन क्षेत्र के लव कुमार रवानी, राजा तिवारी, सौरव यादव, धैया के शिव शंकर साव और बेकारबांध के नीरज कुमार के रूप में हुई है. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एसएनएमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने सोनू यादव, पप्पू यादव, छोटू यादव और सौरव यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया. हालांकि परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए.

पुलिस ने बाइक जब्त की, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनास्थल से एक रेसर बाइक समेत दो मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

लापरवाही न सिर्फ रेसिंग करने वालों बल्कि आम लोगों के लिए भी जानलेवा
लुबी सर्कुलर रोड पर हुआ यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और बाइक रेसिंग के खतरे को उजागर करता है. शहर के व्यस्त और पॉश इलाकों में इस तरह की लापरवाही न सिर्फ रेसिंग करने वालों बल्कि आम लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है. ऐसे मामलों में सख्त निगरानी और समय पर कार्रवाई ही भविष्य में होने वाले हादसों को रोक सकती है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !