Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-17

Jharkhand News: सीयूजे में अस्थायी सहायक प्राध्यापक की भर्ती, 18 जनवरी से पहले आवेदन जरूरी

Jharkhand News: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए अस्थायी सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor – Temporary) पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार विभिन्न अकादमिक विभागों में अस्थायी आधार पर फैकल्टी की नियुक्ति की जाएगी. यह नियुक्ति पूरी तरह से टेंपरेरी होगी और चयनित अभ्यर्थियों को तय मानदेय पर सेवाएं देनी होंगी.

मानदेय और नियुक्ति की अवधि तय
विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चयनित सहायक प्राध्यापकों को प्रति माह 57 हजार 700 रुपये का समेकित मानदेय दिया जाएगा. शुरुआती तौर पर नियुक्ति एक सेमेस्टर के लिए होगी. हालांकि विश्वविद्यालय की जरूरत और अभ्यर्थी के कार्य प्रदर्शन के आधार पर इस अवधि को आगे बढ़ाया जा सकता है.

11 विभागों में भरे जाएंगे 14 पद
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 14 पद विभिन्न विभागों में भरे जाने हैं. इनमें वाणिज्य एवं वित्तीय अध्ययन, कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, अर्थशास्त्र एवं विकास अध्ययन, ऊर्जा अभियांत्रिकी, अंग्रेजी अध्ययन, पर्यावरण विज्ञान, कोरियन भाषा, भूगोल, जीवन विज्ञान, धातुकर्म एवं सामग्री अभियांत्रिकी और प्रदर्शन कला जैसे विभाग शामिल हैं. आरक्षण की व्यवस्था भारत सरकार और यूजीसी के दिशा निर्देशों के अनुसार लागू की जाएगी.

योग्यता यूजीसी मानकों के अनुसार
शैक्षणिक योग्यता यूजीसी के निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी गई है. संबंधित विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री आवश्यक है. इसके साथ ही NET या CSIR-NET अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अंकों में छूट दी जाएगी. पीएचडी धारकों को भी यूजीसी नियमों के तहत पात्रता का लाभ मिलेगा.

ई-मेल से करना होगा आवेदन
इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन पत्र भरकर अपने सभी शैक्षणिक और आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ ई-मेल के माध्यम से आवेदन भेजना होगा. (mailto:tempfaculty.recruitment@cuj.ac.in) पर 18 जनवरी 2026 की शाम 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे. ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा.

साक्षात्कार 21 से 24 जनवरी 2026 के बीच
शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार 21 से 24 जनवरी 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे. विभागवार साक्षात्कार की तिथियों की जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय समय पर वेबसाइट चेक करते रहें.

स्थायी परिसर में होगा इंटरव्यू
सभी साक्षात्कार झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर चेरी मनातू कांके रांची में आयोजित किए जाएंगे. विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी कहा है कि आवेदन से पहले अभ्यर्थी पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें ताकि बाद में किसी प्रकार की असुविधा न हो.

शैक्षणिक कार्यों को सुचारु बनाए रखने की दिशा में अहम कदम
केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा अस्थायी सहायक प्राध्यापक की यह भर्ती शैक्षणिक कार्यों को सुचारु बनाए रखने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. सीमित अवधि की नियुक्ति होने के बावजूद यह अवसर उन योग्य अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है जो उच्च शिक्षा संस्थानों में अध्यापन का अनुभव प्राप्त करना चाहते हैं. साथ ही समयबद्ध आवेदन और साक्षात्कार प्रक्रिया से यह संकेत मिलता है कि विश्वविद्यालय जल्द से जल्द शैक्षणिक सत्र को मजबूत करने की तैयारी में है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !