Jamshedpur: मिल्लत हॉल, टेल्को, जमशेदपुर में आज अल-मनार सोशल सर्विस की ओर से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने आगे बढ़कर रक्तदान किया और मानव सेवा का परिचय दिया।
अल-मनार सोशल सर्विस पिछले 12 वर्षों से मेडिकल क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्य कर रही है और जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने का कार्य कर रही है। संस्था द्वारा सप्ताह के सातों दिन, जमशेदपुर के सात अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल मेडिकल कैंप लगाए जाते हैं, जहां योग्य डॉक्टरों की मौजूदगी में मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जाता है। इन शिविरों में दवाइयों के वितरण के साथ-साथ आंखों की जांच एवं ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। अब तक संस्था द्वारा 270 से अधिक मेडिकल कैंप आयोजित किए जा चुके हैं।
इसके अलावा अल-मनार सोशल सर्विस लगातार लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का कार्य भी करती आ रही है और जरूरत पड़ने पर मरीजों को समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराती है।
आज के रक्तदान शिविर को सफल बनाने में अल-मनार सोशल सर्विस मेडिकल विंग के अध्यक्ष जनाब खलील अंसारी साहब, आबिद हुसैन साहब, मुख्तार खान, समीउल्लाह साहब, जाफर इमाम साहब, अदनान आरिफ सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अब तक की रिपोर्ट के अनुसार
कुल 75 से अधिक लोगों ने रक्तदान हेतु जांच कराई।
इनमें से 51 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया।
एकत्रित रक्त को सुरक्षित रूप से रिज़र्व किया गया है, जो भविष्य में जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा करेगा।
संस्था का मानना है कि “आपका रक्तदान किसी की जिंदगी बचा सकता है।” इसी उद्देश्य के साथ अल-मनार सोशल सर्विस निरंतर मानव सेवा के कार्यों को आगे बढ़ा रही है।