Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-17

Jamshedpur DC Meeting: जमशेदपुर उपायुक्त की चेतावनी, कार्रवाई के डर से नहीं, अपनी सुरक्षा के लिए मानें यातायात नियम

Jamshedpur: जमशेदपुर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय यातायात एवं सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में दिसंबर माह के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नागरिक यातायात नियमों का पालन पुलिस की कार्रवाई या जुर्माने के डर से नहीं, बल्कि अपने जीवन की सुरक्षा के लिए करें।

दिसंबर का डरावना आंकड़ा, 75% मौतों की वजह सिर्फ लापरवाही

समीक्षा के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। दिसंबर माह में जिले में कुल 34 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 20 लोगों की जान गई। विश्लेषण में पाया गया कि इनमें से लगभग 75 प्रतिशत मौतें चालकों की मानवीय भूल और लापरवाही के कारण हुईं।

सबसे दुखद पहलू यह रहा कि मृत 20 लोगों में से 16 लोग बाइक सवार थे, जिन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। उपायुक्त ने कहा कि अगर इन चालकों ने हेलमेट पहना होता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी। मौतों के अन्य प्रमुख कारणों में गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और शराब पीकर गाड़ी चलाना शामिल रहे।

ब्लैक स्पॉट हुए एक्सीडेंट फ्री, अब अवैध पार्किंग पर होगी सख्ती

एक सकारात्मक पहलू यह रहा कि जिले में पूर्व से चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स  पर किए गए सुधारात्मक कार्यों के कारण दिसंबर में वहां कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। हालांकि, सड़कों को अवरुद्ध कर की जाने वाली अवैध पार्किंग को लेकर उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया है और संबंधित अधिकारियों को ऐसी गाड़ियों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति, 351 लाइसेंस निलंबित

यातायात नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, 351 ड्राइविंग लाइसेंस नियमों के उल्लंघन के कारण सस्पेंड किए गए।  हेलमेट, सीटबेल्ट और अन्य नियमों की अनदेखी पर 23 लाख 81 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि दिसंबर में 2689 नए लाइसेंस जारी किए गए, जिनमें 425 महिलाएं शामिल हैं।

शराब दुकानों और ढाबों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

उपायुक्त ने उत्पाद विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि लाइसेंसी शराब दुकानों के पास स्थित होटलों, ढाबों या सार्वजनिक स्थलों पर शराब के अवैध सेवन और बिक्री को रोका जाए। ड्रिंक एंड ड्राइव की घटनाओं को कम करने के लिए इन स्थानों पर निरंतर छापेमारी करने को कहा गया है।

हिट एंड रन मामलों में मुआवजा और जागरूकता अभियान

उपायुक्त ने हिट एंड रन के लंबित मामलों की समीक्षा की और बीमा कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, जारी सड़क सुरक्षा माह के तहत स्कूल-कॉलेजों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और ग्रामीण क्षेत्रों में एमवीआई (MVI) को सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया है।

बैठक में उपस्थिति

इस बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद, एडीसी संतोष गर्ग, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी हेडक्वार्टर और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !