Ranchi: रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित मौसीबाड़ी खटाल से लापता हुए अंश और अंशिका की बरामदगी से जुड़े मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। इस केस में जेल में बंद दंपती को धुर्वा थाना की पुलिस ने पांच दिनों की रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ शुरू की है। आरोपी सोनी कुमारी और नव खेरवार उर्फ सूर्य से लगातार पूछताछ की जा रही है, जिसमें कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं।
रांची पुलिस इस पूरे मामले में खुलासा कर सकती है
पुलिस सूत्रों की मानें तो पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने अपराध से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने कई अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है, जबकि कुछ गुमशुदा बच्चों को सुरक्षित बरामद किए जाने की सूचना भी है। रांची पुलिस इस पूरे मामले में रविवार शाम या सोमवार तक बड़ा खुलासा कर सकती है।
रिमांड के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उनका संपर्क बंगाल और बिहार में सक्रिय बच्चा तस्करी गिरोहों से है। पुलिस को आशंका है कि बच्चों के अपहरण के बाद उन्हें इन राज्यों में ले जाकर बेच दिया जाता था। पूछताछ में आरोपियों ने अपने गिरोह से जुड़े कई सदस्यों के नाम भी बताए हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी
बता दें कि दो जनवरी को शालीमार बाजार इलाके से अंश और अंशिका का अपहरण किया गया था। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है।
हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि दोनों अपहरणकर्ता पुलिस रिमांड पर हैं और पूछताछ में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। इन्हीं जानकारियों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।