Jharkhand News: झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में ओरसा घाटी में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से झारखंड के लोध फॉल और शादी समारोह में शामिल होने आ रही एक बस अनियंत्रित होकर घाटी में पलट गई. इस हादसे में 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कई यात्रियों के बस के नीचे फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
शादी की खुशियां मातम में बदली
जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रहने वाले थे. ये लोग झारखंड के महुआडांड़ शादी समारोह में शिरकत करने और लोध फॉल घूमने आ रहे थे. जैसे ही बस ओरसा घाटी के खतरनाक मोड़ पर पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं हालांकि प्रशासन ने अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. घायलों को निकालने के लिए क्रेन और अन्य संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
हादसे में घायल यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ में भर्ती कराया गया है. घायलों की संख्या इतनी अधिक है कि अस्पताल परिसर मरीजों से भर गया है.
सड़क सुरक्षा की अनदेखी
ओरसा घाटी में बस पलटने का यह हादसा सड़क सुरक्षा की अनदेखी और खतरनाक मोड़ों की वास्तविकता को उजागर करता है. शादी समारोह जैसी खुशियों के बीच अचानक आया यह हादसा यात्री सुरक्षा के महत्व को दर्शाता है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया से रेस्क्यू कार्य तेज हुआ है लेकिन यह घटना भविष्य में घाटी और पहाड़ी इलाकों में बसों की सुरक्षा उपायों पर नए ध्यान देने की आवश्यकता को सामने लाती है.