Nitin Nabin Nomination: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. पार्टी मुख्यालय में हुई इस प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वर्तमान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहे. इसके साथ ही पार्टी ने 20 जनवरी 2026 को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिक तैयारी पूरी कर ली है.
शाम तक नामांकन वापसी का समय
सोमवार को दोपहर करीब 3 बजे नितिन नबीन ने नामांकन पत्र दाखिल किया. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवारों की स्क्रूटनी के बाद शाम 5 से 6 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय रखा गया है. इसके बाद शाम साढ़े छह बजे भाजपा के नेशनल इलेक्शन ऑफिसर चुनाव और नामांकन प्रक्रिया को लेकर आधिकारिक बयान जारी करेंगे.
अमित शाह और राजनाथ सिंह बने प्रस्तावक
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पार्टी हेडक्वार्टर में संपन्न हुई. नितिन नबीन के नामांकन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रस्तावक के रूप में शामिल रहे. यह समर्थन पार्टी नेतृत्व के भरोसे को साफ तौर पर दर्शाता है.
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का खुला समर्थन
नितिन नबीन के समर्थन में भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंचे और उन्होंने अपने-अपने सपोर्ट लेटर जमा किए. इनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हैं. सभी मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी ने इस नामांकन को और मजबूत संकेत दे दिया है.
निर्विरोध चुने जाने की बढ़ी संभावना
मौजूदा कार्यवाहक अध्यक्ष नितिन नबीन ने नामांकन दाखिल करने के बाद पूर्ण जिम्मेदारी संभालने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है. पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और अन्य शीर्ष नेताओं के समर्थन के चलते उनके निर्विरोध भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की संभावना काफी प्रबल मानी जा रही है. फिलहाल उनके अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन दाखिल नहीं किया है.
पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया
भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से बने इलेक्टोरल कॉलेज के माध्यम से होता है. पार्टी संविधान के अनुसार किसी उम्मीदवार को किसी राज्य के इलेक्टोरल कॉलेज के कम से कम 20 सदस्यों का संयुक्त समर्थन और कम से कम 15 वर्ष की पार्टी सदस्यता अनिवार्य होती है.
पार्टी को निर्विरोध नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा
नितिन नबीन के नामांकन और शीर्ष नेतृत्व के खुले समर्थन ने यह लगभग स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा नेतृत्व निरंतरता और स्थिरता के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहता है. यदि कोई अन्य नामांकन सामने नहीं आता है तो पार्टी को निर्विरोध नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा. यह फैसला संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों की दिशा भी तय करता नजर आ रहा है.