Jharkhand: स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (WEF) की वार्षिक बैठक झारखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों वाली साबित हो रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक मंच पर झारखंड की औद्योगिक और पर्यावरणीय दृष्टि को मजबूती से रखा है। इस यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण टाटा स्टील के साथ हुआ ₹11,000 करोड़ का निवेश समझौता रहा, जो राज्य में ग्रीन स्टील क्रांति की नींव रखेगा।
ग्रीन स्टील के लिए ₹11,000 करोड़ का मेगा निवेश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टी. वी. नरेंद्रन के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में झारखंड में भविष्य की तकनीक लाने पर सहमति बनी। टाटा स्टील ने कुल 11,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। इस निवेश को तीन मुख्य हिस्सों में बांटा गया है।
7,000 करोड़ रुपये, हिरसाना ईज़ी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी। 1,500 करोड़ रुपये, कॉम्बी मिल परियोजना। 2,600 करोड़ रुपये, टिनप्लेट विस्तार परियोजना। ये सभी परियोजनाएं नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी, जिससे झारखंड न केवल औद्योगिक केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी देश का नेतृत्व करेगा।
मुख्यमंत्री को वाइट बैच सम्मान और WEF के साथ साझेदारी
विश्व आर्थिक मंच (WEF) ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी नीतियों को मान्यता देते हुए उन्हें वाइट बैच से सम्मानित किया। राज्य सरकार ने WEF के साथ क्रिटिकल मिनरल्स, नई ऊर्जा और जलवायु संरक्षण जैसे विषयों पर सहयोग का औपचारिक पत्र साझा किया है। झारखंड का विजन 2050 सीधे तौर पर WEF के समावेशी विकास के लक्ष्यों से मेल खाता है।
स्वीडन और झारखंड, अर्बन ट्रांसपोर्ट में नई राहें
पिछले वर्ष मुख्यमंत्री की स्वीडन यात्रा के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिख रहे हैं। स्वीडन ने झारखंड के अर्बन ट्रांसपोर्ट क्षेत्र में गहरी रुचि दिखाई है। इसके लिए अप्रैल माह में भारत और स्वीडन के बीच एक राउंड टेबल मीटिंग आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्वीडन की उन प्रमुख कंपनियों से भी मुलाकात की, जिन्होंने राज्य के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने का प्रस्ताव दिया है।
महिला नेतृत्व और तकनीकी विस्तार
बैठक में वर्ल्ड विमन लीडर्स फ़ोरम की प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने झारखंड में हाशिये पर रहने वाली महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने और क्षमता निर्माण के लिए एक गैर-दलीय मंच बनाने का प्रस्ताव रखा। इसके अतिरिक्त, हिताची इंडिया, बिजली और स्मार्ट ग्रिडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश का प्रस्ताव दिया। टेक महिंद्रा, तकनीकी सहयोग और डिजिटल नवाचार पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री का संबोधन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर कहा, "हमारा लक्ष्य झारखंड को टिकाऊ औद्योगिक विकास और स्वच्छ तकनीक का हब बनाना है। टाटा स्टील और अन्य वैश्विक संस्थाओं के साथ यह साझेदारी स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करेगी और झारखंड को हरित औद्योगिक परिवर्तन का अग्रणी राज्य बनाएगी।