Jamshedpur: गलुडीह थाना क्षेत्र के उलदा पंचायत में उप मुखिया आशा रानी महतो के पति तारापद महतो की हत्या से जुड़े मामले में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी ने सोमवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय में सरेंडर करने वाले आरोपी की पहचान जगन्नाथ गोराई के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत कनपूटा, घोड़ाबांधा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
न्यायालय ने आगे की कार्रवाई के लिए लिया अभिरक्षा में
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी जगन्नाथ गोराई ने एसडीजेएम दिनेश बाउरी की अदालत में स्वयं उपस्थित होकर आत्मसमर्पण किया। इसके बाद न्यायालय ने उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए अभिरक्षा में लिया।
कब हुई थी घटना जानें
यह मामला गालूडीह थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 103 में दर्ज किया गया है। बता दें कि 12 जनवरी की शाम लगभग 7:30 बजे खड़िया कॉलोनी स्थित प्रज्ञा केंद्र संचालक तारापद महतो की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया था।
पुलिस की आगे की जांच जारी
हत्या की इस वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जबकि एक आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। अब फरार आरोपी के न्यायालय में सरेंडर करने के बाद पुलिस को मामले की जांच में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।