Railway Updates: धनबाद से जुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस सेवा अब नए चरण में प्रवेश कर रही है. सांतरागाछी से रविवार को उद्घाटन स्पेशल के रूप में चली यह ट्रेन अब मंगलवार सुबह आनंद विहार से स्पेशल बनकर रवाना होगी. पहले इसे केवल हावड़ा और आनंद विहार के बीच चलाने की घोषणा की गई थी, लेकिन बाद में आनंद विहार से परिचालन की सूचना जारी कर दी गई.
आनंद विहार से सुबह रवाना होकर धनबाद तक सफर
यह ट्रेन आनंद विहार से सुबह 5:15 बजे खुलेगी और गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर सिटी, वाराणसी, डीडीयू, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी आन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, मानपुर, कोडरमा और पारसनाथ होते हुए अगले दिन सुबह 4:25 बजे गोमो पहुंचेगी. इसके बाद सुबह 5.00 बजे धनबाद आगमन होगा.
हावड़ा तक का तय सफर
धनबाद से आगे यह अमृत भारत एक्सप्रेस आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान और बैंडेल होकर दिन में 10:50 बजे हावड़ा पहुंचेगी. 21 जनवरी को हावड़ा पहुंचने के बाद यह ट्रेन 22 जनवरी से नियमित साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाई जाएगी.
बुकिंग की स्थिति
हावड़ा से चलने वाली ट्रेन के लिए बुकिंग गुरुवार से ही शुरू कर दी गई है. वहीं आनंद विहार से 24 जनवरी से चलने वाली सेवा के लिए सोमवार रात तक बुकिंग बहाल नहीं हो सकी थी. यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए थोड़ी प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है.
किराया तय, 200 किमी तक न्यूनतम शुल्क
अमृत भारत एक्सप्रेस की स्लीपर श्रेणी में 200 किलोमीटर तक न्यूनतम किराया लागू किया गया है. इसके तहत धनबाद से गया तक का किराया 170 रुपये रखा गया है. यही किराया धनबाद से गोमो, पारसनाथ, कोडरमा और मानपुर तक के सफर के लिए भी लागू होगा.
अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित साप्ताहिक संचालन शुरू होने से झारखंड और उत्तर भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक नया विकल्प मिलेगा. सीमित किराया और लंबा रूट इस ट्रेन को आम यात्रियों के लिए उपयोगी बना सकता है, वहीं बुकिंग व्यवस्था का सुचारु होना इसकी सफलता में अहम भूमिका निभाएगा.