Jharkhand News: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम दावोस के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ग्लोबल इंफोसिस, कैलिफोर्निया के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आशीष कुमार दास ने मुलाकात की. इस बैठक में झारखंड के दीर्घकालिक विकास विजन और तकनीक आधारित प्रगति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. दोनों पक्षों के बीच सहयोग की संभावनाओं को लेकर बातचीत को उत्साहवर्धक बताया गया.
सीएम के विजन और कार्यों की इंफोसिस ने की तारीफ
इंफोसिस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यों और भविष्य की सोच की सराहना की. विशेष रूप से प्रतिभाओं के री-स्किलिंग, टेक्नोलॉजी टॉवर की परिकल्पना और खनन क्षेत्र में उन्नत तकनीकी हस्तक्षेपों के जरिए डिजिटल बदलाव की राज्य सरकार की सोच को महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक बताया गया.
युवाओं को डिजिटल और एआई कौशल से जोड़ने पर सहमति
बैठक के दौरान झारखंड के युवाओं को डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कौशलों से सशक्त बनाने पर सहमति बनी. इस दिशा में इंफोसिस के विंग्सपैन प्लेटफॉर्म की संभावित भूमिका पर आगे चर्चा करने का प्रस्ताव रखा गया. साथ ही खनन क्षेत्र में उत्पादकता, सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने के लिए इंफोसिस द्वारा विकसित एआई आधारित डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन समाधानों को साझा करने पर भी सहमति बनी. इसके लिए फरवरी में एक वर्चुअल सत्र आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया.
तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने की पहल
इंफोसिस ग्लोबल की ओर से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को इंफोसिस हाउस भ्रमण का आमंत्रण दिया गया. इस दौरान कंपनी के अत्याधुनिक एआई आधारित नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा. इस पहल को झारखंड में डिजिटल परिवर्तन, कौशल विकास और तकनीक आधारित औद्योगिक प्रगति को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
राज्य के युवाओं और उद्योगों के लिए नए अवसर
दावोस में हुई यह मुलाकात झारखंड के लिए तकनीक आधारित भविष्य की ओर बढ़ने का संकेत देती है. आईटी और एआई जैसे क्षेत्रों में वैश्विक कंपनियों के साथ संवाद राज्य के युवाओं और उद्योगों के लिए नए अवसर खोल सकता है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का फोकस यह दिखाता है कि झारखंड पारंपरिक संसाधनों के साथ डिजिटल शक्ति को भी अपनी विकास यात्रा का आधार बनाना चाहता है.