Jamshedpur: जुगसलाई थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां शादी समारोह की चहल-पहल के बीच अज्ञात चोर ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना नया बाजार, रामटेकरी रोड स्थित फिरंगी चौक के पास एक आवासीय घर में घटी, जहां विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
कीमती जेवरात व नकदी चोरी लेकर व्यक्ति फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित अमृतपाल सिंह सग्गु के घर में शादी समारोह चल रहा था। देर रात तक रिश्तेदारों और मेहमानों की आवाजाही बनी हुई थी। इसी का फायदा उठाकर बुधवार की सुबह करीब दो बजे एक अज्ञात व्यक्ति चुपचाप घर में घुस गया और अलमारी में रखे कीमती जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गया।
प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू
सुबह जब परिवार के सदस्यों ने सामान की जांच की, तब जारी चोरी का पता चला। इसके बाद तुरंत जुगसलाई थाना को सूचना दी गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगभग 25 लाख रुपये की हुई चोरी
चोरी गए सामान में सोने के दो कड़े, दो सोने की अंगूठियां, 20 ग्राम की सोने की चेन, 5 ग्राम का लॉकेट, चार जोड़ी सोने की बालियां, करीब 150 ग्राम वजन की 12 पीस चांदी की चूड़ियां, दो कीमती घड़ियां और 30 हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पीड़ित ने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में एक व्यक्ति घर में प्रवेश करते और कुछ देर बाद बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया है और उसके आधार पर आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।