J&K: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। भादरवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में 10 भारतीय सैनिकों के शहीद होने की सूचना है, जबकि कई अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
अचानक संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बुलेटप्रूफ वाहन कुल 17 जवानों को लेकर ऊंचाई वाले इलाके में स्थित एक सैन्य चौकी की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन खन्नी टॉप के पास पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ गया और वाहन फिसलते हुए गहरी खाई में गिर गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सेना और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं
भादरवाह की ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. वर्षा शर्मा ने बताया कि वाहन सड़क से फिसलकर खाई में गिरा, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद के लिए आगे आए।
7 जवान गंभीर रूप से घायल
रेस्क्यू टीमों ने काफी मशक्कत के बाद खाई में फंसे जवानों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में 7 जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, हालत ज्यादा नाजुक होने के कारण तीन जवानों को हेलीकॉप्टर के जरिए उधमपुर स्थित कमांड अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया।
अब तक 10 शहीद जवानों के शव बरामद
अब तक 10 शहीद जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सेना ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि इस हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। इस दुखद घटना से पूरे देश में शोक की लहर है और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है।