Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-22

Bihar News: पटना के बाहरी इलाके में पुलिस व अपराधी के बीच मुठभेड़, लातेहार का कुख्यात बदमाश घायल, हथियार बरामद

Bihar: बिहार की राजधानी पटना के बाहरी क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल हो गया, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश की पहचान झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र निवासी परमानंद यादव के रूप में हुई है।

परमानंद यादव लंबे समय से फरार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, परमानंद यादव लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लातेहार पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। कुछ महीने पहले ही उसके घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की गई थी। दबाव बढ़ने के बाद वह झारखंड छोड़कर बिहार में छिपकर रह रहा था।

युवक ने की भागने की कोशिश
घटना पटना–गया–डोभी मुख्य मार्ग (NH-83) पर लालाबीगहा थाना क्षेत्र के पास हुई। गुरुवार सुबह मसौढ़ी थाना पुलिस नियमित गश्त और वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक बाइक से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर युवक ने भागने की कोशिश शुरू कर दी।

अपराधी ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया तो खुद को चारों ओर से घिरा देख अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस की एक गोली अपराधी के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह बाइक से गिर पड़ा और भागने में असफल रहा।


आरोपी के पास से 9 एमएम की पिस्टल बरामद
घायल अवस्था में ही पुलिस ने उसे काबू में ले लिया और तलाशी के दौरान उसके पास से एक 9 एमएम की पिस्टल बरामद की गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहाँ उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

आरोपी पर कई मामले दर्ज 
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, परमानंद यादव पर हत्या, लूट, रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह पहले विदेश यात्रा कर चुका है, जिससे उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की आशंका गहराई है।

पुलिस जांच में जुटी 
बताया जा रहा है कि परमानंद का संबंध कुख्यात राहुल सिंह गिरोह से है, जिसका सीधा नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसके अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है और उससे पूछताछ जारी है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !