Jamshedpur: जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की ओर से गुरुवार को हॉर्स राइडिंग स्कूल, जमशेदपुर में जमशेदपुर एनुअल हॉर्स शो के चौथे संस्करण का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और वयस्कों में प्रतिस्पर्धात्मक घुड़सवारी को बढ़ावा देना तथा उभरती प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना रहा।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में विभिन्न आयु वर्गों के कुल 84 घुड़सवारों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने बॉल एंड बकेट रेस, पोल बेंडिंग, रिंग पेगिंग, टेंट पेगिंग और शो जंपिंग समेत छह अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी कौशल क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में कुल 11 घोड़ों ने हिस्सा लिया, जिनमें 9 थरौब्रेड और 2 जांस्करी पोनी नस्ल के घोड़े शामिल थे, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और आकर्षण और भी बढ़ गया।
दुष्यंत कुमार के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले 84 में से 54 प्रतिभागियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। यह उपलब्धि युवा राइडर्स के बढ़ते प्रशिक्षण स्तर और अनुशासन को दर्शाती है।
समापन समारोह में डी. बी. सुंदरा रामम, वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वस्तिका बसु, मैनेजिंग डायरेक्टर, जैमिपॉल तथा अजय गुप्ता, जनरल मैनेजर (मार्केटिंग एवं सेल्स), जेसीएपीसीपीएल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि मौजूद थे। इस आयोजन को जेसीएपीसीपीएल और जैमिपॉल का मुख्य प्रायोजन प्राप्त हुआ।
आयोजकों ने बताया कि इस वार्षिक हॉर्स शो का उद्देश्य बच्चों को संरचित प्रतिस्पर्धात्मक राइडिंग से परिचित कराना, उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करना तथा खेल के प्रति दीर्घकालिक रुचि को प्रोत्साहित करना है।
परिणामों की मुख्य झलक:
विभिन्न आयु वर्गों में कई युवा राइडर्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
बेस्ट राइडर ट्रॉफी विजेता रहे:
- प्रत्यक्षा सिंह (6 वर्ष)
- दर्शन सिंह भाटिया (7 वर्ष)
- तनिशा महापात्रा (8 वर्ष)
- लिवांश तनेजा (9–10 वर्ष)
- निहित अग्रवाल (11–12 वर्ष)
- हर्निका (13–14 वर्ष)
- शौर्य सिंह (15–18 वर्ष)
- मयंक अग्रवाल (18 वर्ष से ऊपर)
- धनंजय कुमार (मास्टर्स 50+)
स्वर्ण पदक जीतने वाले राइडर्स में आर्यन श्रीवास्तव, शौर्य सिंह, निहित अग्रवाल, हर्निका, मयंक अग्रवाल, लिवांश तनेजा सहित कई प्रतिभागी शामिल रहे, जिन्होंने टेंट पेगिंग, शो जंपिंग, रिंग पेगिंग और पोल बेंडिंग जैसी स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया।
आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष के साथ जमशेदपुर एनुअल हॉर्स शो ग्रासरूट स्तर पर घुड़सवारी प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।