Jharkhand: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने यूनाइटेड किंगडम के शैक्षणिक कार्यक्रमों के तहत ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित सोमरविल कॉलेज का दौरा किया। इससे पहले वे सेंट जॉन्स स्कूल और ऑल सोल्स कॉलेज भी गए थे। सोमरविल कॉलेज में मुख्यमंत्री के सम्मान में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कॉलेज की प्रिंसिपल कैथरीन रॉयल ने की।
स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के आदिवासी कल्याण, सतत विकास, जलवायु कार्रवाई, न्यायसंगत परिवर्तन तथा उच्च शिक्षा तक समान पहुंच के लिए किए जा रहे प्रयासों और नेतृत्व की सराहना की गई। उल्लेखनीय है कि कैथरीन रॉयल सोमरविल कॉलेज की पूर्व छात्रा, पूर्व ब्रिटिश राजनयिक तथा नाटो की वरिष्ठ अधिकारी रह चुकी हैं।
इस अवसर पर ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट की रिसर्च डायरेक्टर, स्मिथ स्कूल ऑफ एंटरप्राइज एंड द एनवायरनमेंट की एसोसिएट प्रोफेसर एवं सीनियर रिसर्च फेलो प्रो. राधिका खोसला ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। संवाद के दौरान पर्यावरण नीति, जलवायु कार्रवाई और सतत विकास जैसे विषयों पर ऑक्सफोर्ड के शोध समुदाय और झारखंड सरकार के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
वर्ष 1879 में स्थापित सोमरविल कॉलेज को वैश्विक शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान के रूप में जाना जाता है। यह ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के उन शुरुआती कॉलेजों में शामिल रहा है, जिसने महिलाओं को उस दौर में प्रवेश दिया, जब उन्हें विश्वविद्यालय शिक्षा से वंचित रखा जाता था। कॉलेज के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों में यूनाइटेड किंगडम की पूर्व प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर, भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (मानद उपाधि प्राप्तकर्ता) और विदेश में विधि शिक्षा प्राप्त करने वाली पहली भारतीय महिला कॉर्नेलिया सोराबजी शामिल हैं।
सोमरविल कॉलेज में स्थित ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट की स्थापना वर्ष 2013 में भारत सरकार के सहयोग से की गई थी। यह केंद्र सतत विकास, जलवायु कार्रवाई, सामाजिक न्याय, सुशासन और सार्वजनिक नीति के क्षेत्रों में भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय विद्वानों के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करता है। वर्तमान में 40 से अधिक भारतीय विद्वान इस केंद्र से जुड़े हुए हैं।
स्वागत समारोह में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों के छात्र, शोधार्थी, भारतीय विद्वान, सिविल सेवक और शोधकर्ता उपस्थित रहे। इनमें झारखंड सरकार के अधिकारी रवि शंकर शुक्ला भी शामिल थे, जो वर्तमान में ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट के स्कॉलर के रूप में शहरी जल नीति और प्रबंधन पर शोध कर रहे हैं।
कॉलेज परिसर में अनौपचारिक संवाद के दौरान छात्रों और शोधकर्ताओं ने झारखंड सरकार के साथ अधिक सक्रिय सहभागिता में रुचि जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री को सरकारी कार्यक्रमों और सार्वजनिक नीतियों पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित करने तथा झारखंड के शासन और नीति क्रियान्वयन के अनुभवों पर संबोधित करने का आमंत्रण भी दिया।
यह स्वागत समारोह सोमरविल कॉलेज प्रशासन और भारतीय छात्र समुदाय द्वारा प्रदर्शित सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक रहा। यह दौरा ऑक्सफोर्ड और भारत के बीच ऐतिहासिक शैक्षणिक एवं बौद्धिक संबंधों को और मजबूत करता है तथा ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट के कार्यों और झारखंड राज्य की विकासात्मक, पर्यावरणीय एवं शासन प्राथमिकताओं के बीच स्पष्ट सामंजस्य को दर्शाता है।