Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-26

Jamshedpur News: जमशेदपुर की गलियों से बॉलीवुड तक, अभिनेता आर. माधवन को मिला 2026 का पद्म श्री सम्मान

Jamshedpur: जमशेदपुर से निकलकर भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता आर. माधवन को वर्ष 2026 के पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा घोषित पद्म पुरस्कारों की सूची में शामिल 131 विशिष्ट हस्तियों में आर. माधवन का नाम भी दर्ज है। भारतीय फिल्म उद्योग में उनके लंबे, विविध और प्रभावशाली योगदान के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान प्रदान किया गया है।

यह केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी
पद्म श्री सम्मान मिलने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आर. माधवन ने इसे केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि अपने कंधों पर आई एक बड़ी जिम्मेदारी बताया। समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक ईमानदारी, गरिमा और प्रतिबद्धता के साथ काम करने की प्रेरणा देगा। उनके ने कहा यह उपलब्धि उनके व्यक्तिगत सफर से कहीं आगे जाकर समाज और देश के प्रति उनके दायित्व को और मजबूत करती है।

अपने आधिकारिक बयान में अभिनेता ने कहा कि वे इस सम्मान को अत्यंत कृतज्ञता और विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं। उन्होंने इसे अपने जीवन के सपनों से भी परे बताते हुए कहा कि इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवार का अटूट समर्थन और विश्वास सबसे बड़ी ताकत रहा है। माधवन ने कहा कि यह सम्मान वे अकेले नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार के साथ साझा करते हैं।

माधवन ने किया आभार प्रकट 
"रंग दे बसंती" से लेकर कई यादगार फिल्मों में अभिनय कर चुके माधवन ने अपने गुरुओं, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि उनके करियर की यात्रा में हर किसी का योगदान अमूल्य रहा है चाहे वह मार्गदर्शन देने वाले गुरु हों, हमेशा साथ खड़ा रहने वाला परिवार हो या फिर दर्शकों का निरंतर प्रेम और प्रोत्साहन। अभिनेता ने दोहराया कि वे इस पुरस्कार को जीवनभर निभाने वाली जिम्मेदारी के रूप में देखते हैं।

माधवन ने यह भी आश्वासन दिया कि वे पद्म श्री से जुड़े मूल्यों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करेंगे और आने वाले वर्षों में भी ईमानदारी, विनम्रता और समर्पण के साथ अपने कार्य और समाज सेवा को जारी रखेंगे।

इस वर्ष पद्म पुरस्कार पाने वालों में आर. माधवन के अलावा प्रसिद्ध गायिका अलका याग्निक, मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी और हिंदी सिनेमा के एक महान अभिनेता (जिन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया) भी शामिल हैं। पद्म पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है। वर्ष 2026 में कुल 131 लोगों को यह सम्मान दिया गया, जिनमें 5 को पद्म विभूषण, 13 को पद्म भूषण और 113 को पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

धुरंधर में नजर आएं माधवन 
वर्कफ्रंट की बात करें तो आर. माधवन हाल ही में रिलीज हुई फिल्म "धुरंधर" में नजर आए थे, जिसमें उनके साथ रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, सारा अर्जुन और गौरव गेरा जैसे कलाकार शामिल हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जबकि इसका दूसरा भाग आगामी 19 मार्च को दर्शकों के सामने आने वाला है।

भारतीय सिनेमा में अपनी बहुमुखी प्रतिभा और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले आर. माधवन का पद्म श्री से सम्मानित होना न केवल उनके प्रशंसकों के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह उनकी वर्षों की मेहनत और समर्पण की भी सशक्त पुष्टि करता है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !